Delhi Rain Alert: There will be heavy rain for a week, the weather will remain cool, IMD’s good news for Delhiites…
दिल्ली-NCR में रहने वालों के लिए एक बड़ी खबर है. भीषण गर्मी से राहत मिलने का वक्त आ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार दोपहर के बाद से चमक, गरज और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिल सकती है. अगले 7 दिनों तक लगभग मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिससे पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी. अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे ही बना रहेगा और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार दोपहर के बाद से मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया जा सकता है और तेज हवा चलने के साथ-साथ धूल भरी आंधी और बारिश होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 26 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहने की उम्मीद है. तेज आंधी के साथ तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने कहा है कि ऐसे ही 27 जून से लेकर 2 जुलाई तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री की गिरावट रोजाना दर्ज की जाएगी, साथ ही 7 दिन बारिश और आंधी की संभावना जताई जा रही है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में अचानक ये बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून पहुंच गया है और जल्द ही पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका असर देखने को मिलेगा.
बारिश आने की है संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, सप्ताह के बाकी दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा, जो 30 जून तक गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा क्योंकि बारिश आने की संभावना है. 30 जून तक न्यूनतम तापमान भी गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे निवासियों को काफी राहत मिलेगी.
आईएमडी ने अगले छह दिनों के लिए दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश की भविष्यवाणी करते हुए शहर के लिए एक येलो अलर्ट जारी किया है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजधानी में आने की संभावना के बारे में कोई स्पष्ट तारीख साझा नहीं की गई है. बस यह कहा गया है कि अगले तीन से चार दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मानसून के आने की संभावना है.
इन इलाकों में आ सकती है बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्थान के ज्यादा हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. साथ ही, मानसून 29 जून तक गुजरात के बचे हिस्से, मध्य प्रदेश के बचे हिस्से, झारखंड के बचे हिस्से और पूर्वी उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा.
मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक के कई हिस्सों और तमिलनाडु में 27 जून तक बारिश होने की संभावना है. बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी 27 जून से बारिश का दौर शुरू हो सकता है. फिर इसके बाद यानी 28 जून को पंजाब और हरियाणा में बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को बहुत ज्यादा राहत मिलेगी. क्योंकि पिछले लंबे समय से लोगों मे गर्मी का प्रकोप झेला है.
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों में आर्द्रता काफी ज्यादा रही, जिससे लोग पसीने के कारण परेशान रहे. उच्च आर्द्रता के कारण शरीर को आसानी से ठंडा करना मुश्किल हो जाता है, जिससे पसीना बढ़ जाता है. लेकिन अब इससे राहत मिलती नजर आ रही है. आईएमडी के एक अधिकारी का कहना है कि अगले छह दिनों तक शहर में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है. मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ने के प्रभाव में 28 जून से बारिश की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है. साल 2023 में, मानसून 25 जून को राष्ट्रीय राजधानी में आया था.



