Sonakshi Sinha has now given a befitting reply to those who trolled her for marrying Zaheer Iqbal
नई दिल्ली। सोनाक्षी सिन्हा, जहीर इकबाल के साथ अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुकी हैं। कपल ने 23 जून को इंटीमेट वेडिंग करने के बाद उसी दिन शाम को ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया। सोनाक्षी को जहीर से शादी के लिए कुछ लोगों ने बधाई दी, तो कुछ ने इंटरफेथ मैरिज के लिए उन्हें ट्रोल किया। अब एक्ट्रेस ने एक पोस्ट शेयर कर उन्हें ट्रोल करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) ने जहीर इकबाल से सात साल के रिलेशन के बाद शादी (Sonakshi-Zaheer Wedding) की है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर रजिस्टर्ड मैरिज की तस्वीरों को शेयर कर अपनी खुशी का इजहार किया था। वहीं, ट्रोल करने वाले उनकी शादी पर ज्यादा कमेंट न कर पाएं, इसके लिए एक्ट्रेस ने बाद में कमेंट सेक्शन ऑफ कर दिया। हालांकि, सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफॉर्म पर लोगों ने एक्ट्रेस को मुस्लिम फैमिली में शादी करने को लेकर खरी खोटी जरूर सुनाई।
ट्रोल करने वालों को सोनाक्षी ने दिया जवाब
‘जूनियर शॉटगन’ यानी सोनाक्षी ने उनकी शादी पर कमेंट करने वालों को जवाब दिया है। एक्ट्रेस ने जहीर और उनकी एक आर्ट फोटो पर कमेंट किया है। दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक आर्टिस्ट ने कपल के रिसेप्शन पार्टी की फोटो को आर्ट फॉर्म में शेयर किया। इस तस्वीर में सोनाक्षी और जहीर मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। इसी के साथ फोटो पर एक प्यारा सा कैप्शन भी लिखा- लव यूनिवर्सल रिलीजन है।
इस फोटो सोनाक्षी सिन्हा ने कमेंट कर उन्हें ट्रोल करने वालों को जवाब दिया। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘बिल्कुल सही बात। ये कितनी सुंदर तस्वीर है। आपका शुक्रिया।’
फैंस ने भी एक्ट्रेस के फेवर में किया कमेंट
इसी पोस्ट पर कई और लोगों ने भी कमेंट किया। एक यूजर ने लिखा, ‘शाह रुख-गौरी और करीना-सैफ से समस्या नहीं है। लेकिन इनके रिलेशन को लेकर इश्यू बनाया जा रहा है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘बिल्कुल सही बात है। मानवता ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।’
ऋचा चड्ढा ने लिखा- सोना और जहीर, तुम्हारे कमिटमेंट की फैन
ऋचा चड्ढा ने लिखा, ‘प्रिय सोना और जहीर। मैं तुम्हारी सादगी, एक-दूसरे के प्रति तुम्हारे कमिटमेंट से प्रभावित हूं और मैं बहुत खुश हूं कि तुम दोनों अपने मन की करते हो। तुम्हारे साथ कोई फोटो नहीं मिली क्योंकि तुम बहुत बिजी थे। लेकिन अली और मैं तुमसे और तुम्हारे इस जोश से बेशुमार प्यार करते हैं। तुम्हारी कमाल की जोड़ी है।’
‘बुरी नजर वाले तेरा मुंह फालतू’
ऋचा ने आगे लिखा है, ‘बुरी नजर वाले तेरा मुंह फालतू। तुम दोनों को प्यार। एक शानदार पार्टी के लिए धन्यवाद, और मैं तुम्हारी जिंदगी भर की खुशियों की कामना करती हूं।’
सोनाक्षी को बिहार में न घुसने देने की धमकी, पापा शत्रुघ्न को चेतावनी
मालूम हो कि हाल ही बिहार की हिंदू शिवभवानी सेना के कार्यकर्ता लव कुमार सिंह ने सोनाक्षी और जहीर इकबाल की शादी को लव जिहाद बताया और धमकी दी कि अगर शत्रुघ्न सिन्हा बेटी की शादी पर दोबारा विचार नहीं किया तो बेटी को बिहार में घुसने नहीं दिया जाएगा। लव कुमार सिंह ने एक पोस्टर भी छपवाया, जिसमें लिखा है, ‘सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी लव जिहाद को बढ़ावा। पूरे देश का इस्लामीकरण करने की कोशिश। शत्रुघ्न सिन्हा जी शादी के फैसले पर करें पुनर्विचार, नहीं तो अपने बेटों लव, कुश और अपने घर रामायण का नाम तुरंत बदल दें। इससे हो रहा हिंदू धर्म का अपमान।’
बेटी सोनाक्षी की शादी को लेकर नफरते, शत्रुघ्न सिन्हा बोले- कुछ गलत नहीं किया
बेटी को मिल रही नफरत और विरोध पर शत्रुघ्न सिन्हा ने रिएक्ट करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने कुछ गलत नहीं किया है और हेटर्स अपने काम से काम रखें। उन्होंने हमारे सहयोगी टाइम्स नाऊ से बात करते हुए कहा, ‘आनंद बख्शी साहब ने ऐसे पेशेवर प्रदर्शनकारियों के बारे में लिखा है, ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना। इसमें मैं जोड़ना चाहूंगा, ‘कहने वाले अगर बेकार, बेकाम-काज के हो तो कहना ही काम बन जाता है।’
सोनाक्षी के धर्म परिवर्तन पर यह बोले थे ससुर
कहा जा रहा था कि जहीर इकबाल से शादी के बाद सोनाक्षी सिन्हा धर्म परिवर्तन करेंगी और इस्लाम अपनाएंगी। लेकिन सोनाक्षी के ससुर ने इससे इनकार किया था, और कहा था कि यहां दिलों का मिलन है, जिसमें धर्म का कोई रोल नहीं। शादी न तो हिंदू रीति रिवाज से होगी और ना ही मुस्लिम रीति रिवाज से। यह एक सिविल मैरिज होगी।



