*वर्चुअल माध्यम से जुड़े जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी*
उत्तर बस्तर कांकेर, 13 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान का शुभारंभ किया, इस अभियान के तहत घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से सभी आयु वर्गों में संचारी एवं गैर संचारी रोगो, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी रोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार एवं रेफरल सेवों से जोड़ा जाएगा। बस्तर संभाग के सभी जिलों में यह अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम से जु़डे़ थे। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम बेवरती में आयोजित इस आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधानसभा के विधायक श्री आशाराम नेताम कहा कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में 13 अप्रैल से 12 मई तक एक माह का विशेष स्वास्थ्य अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जाएगी तथा गैर संचारी रोग जैसे- रक्तचाप, मधुमेह, मोतियाबिंद, सिकलसेल, मुख स्वास्थ्य, फ्लोरोसिस जांच की जाएगी। संचारी रोगो- टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, फाइलेरिया इत्यादि की जांच की जाएगी। साथ ही मौसमी बीमारियों की पहचान भी किया जाएगा। नवजात शिशुओं एवं गर्भवती माताओं की देखभाल, टीकाकरण और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी, साथ ही वय वंदन एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएगें। प्रत्येक नागरिक का डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के लिए यह खुशी का समय है, जहां नक्सल उन्मूलन के साथ विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले माओवादी गतिविधियों के कारण विकास कार्यों में बाधा आती थी, लेकिन अब अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास एवं उज्ज्वला योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि कांकेर जिला सहित बस्तर संभाग के स्वास्थ्य और खुशहाली को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा स्वस्थ बस्तर अभियान एवं अटल आरोग्य लैबोरेटरी का भव्य शुभारंभ किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग के समस्त जिले के कोने-कोने तक, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले हर एक व्यक्ति तक उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, मोतियाबिंद, टीबी, आयुष्मान कार्ड, नवजात शिशु स्वास्थ्य, उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की पहचान एवं लोकल स्तर पर होने वाली बीमारियों की पहचान एवं उपचार संबंधित सेवाएं प्रदाय की जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा अटल आरोग्य लैब का भी शुभारंभ किया गया, जो स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण पहल है। दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में वर्ष 1984 में पहली बार माओवादी गतिविधियां देखी गई थीं, लेकिन अब नक्सल उन्मूलन हो चुका है, जिले विकास कार्य तेजी से हो रहा हैं, 200 करोड़ रूपए से अधिक के पुल-पुलिया बनाए जा रहे हैं, 60 से अधिक मोबाईल टावर की स्थापना के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में मत्स्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, ग्राम बेवरती के सरपंच श्री विष्णु नेताम, श्री महेश जैन, श्री दिलीप जायसवाल, श्री राजीवलोचन सिंह सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी, स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रायपुर डॉ. निधि अत्रवाले, सीएमएचओ श्री आर.सी ठाकुर एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
क्रमांक/355/सुरेन्द्र



