कांग्रेस नेता विद्यानंद चंद्राकर ने लगाए गंभीर आरोप, CMO बोले – टेंडर हो चुका, जल्द मिलेगी फायर ब्रिगेड
मुंगेली/लोरमी।- लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं के बीच फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र में आज तक खुद की फायर ब्रिगेड गाड़ी नहीं होने से आग लगने की स्थिति में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर बार आगजनी की घटना होने पर मुंगेली से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है, जिससे मौके पर पहुंचने में काफी देर हो जाती है और नुकसान बढ़ने का खतरा रहता है।
लोरमी क्षेत्र में बीते कुछ समय में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद नगर पालिका के पास अपनी फायर ब्रिगेड व्यवस्था नहीं होना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
👉 खड़े-खड़े जंग खा रही गाड़ियां, फिर भी नहीं मिली सुविधा,
कांग्रेस नेता एवं लोरमी जनपद पंचायत के सभापति विद्यानंद चंद्राकर ने इस मामले को लेकर नगर पालिका और शासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लोरमी नगर पालिका में दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लंबे समय से खड़ी-खड़ी खराब हो चुकी हैं और उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका के पास करीब 5 से 6 शुद्ध पेयजल सप्लाई के टैंकर भी खड़े हैं, लेकिन आग बुझाने जैसी आपात स्थिति में उनका भी उपयोग नहीं किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में आग लगने पर मुंगेली से फायर ब्रिगेड बुलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
👉उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में भी नहीं फायर ब्रिगेड,
विद्यानंद चंद्राकर ने कहा कि यह बेहद हैरानी की बात है कि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री और लोरमी विधायक अरुण साव के क्षेत्र में ही फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहेगा।
👉CMO ने दी सफाई – जल्द आएगी नई फायर ब्रिगेड,
इस पूरे मामले में लोरमी नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) चंदन शर्मा ने कहा कि नगर पालिका के लिए फायर ब्रिगेड वाहन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड के लिए टेंडर हो चुका है और जल्द ही लोरमी नगर पालिका को नई फायर ब्रिगेड उपलब्ध करा दी जाएगी।
CMO ने कहा कि नई गाड़ी आने के बाद आगजनी जैसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी और लोगों को राहत मिलेगी।
👉लोगों में बढ़ रही चिंता,
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में बाजार, घनी आबादी और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं होना गंभीर सुरक्षा खतरा है। नागरिकों ने जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आगजनी की स्थिति में समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके।



