रायगढ़ । 22 जनवरी 2024 को अयोध्या धाम में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का विराट आयोजन होने जा रहा है । इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए प्रदेश में सभी पशुवध गृह बंद करने और मांस की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है । शासन के इस निर्णय की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री प्रवीण द्विवेदी ने शासन द्वारा उठाए गए इस कदम को अनुकरणीय बताया है । उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस बाबत छत्तीसगढ़ शासन , नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा समस्त कलेक्टर , समस्त आयुक्त नगर पालिक निगम, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद /नगर पंचायत छत्तीसगढ़ को निर्देशित किया गया है कि प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर राज्य के समस्त पशुवध गृह और मांस बिक्री की दुकानें बंद रखी जाएं । इस आदेश का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है । प्रवीण द्विवेदी ने इसे विष्णुदेव सरकार का शानदार निर्णय करार दिया है ।



