एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं वर्तमान भरतपुर–सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वेच्छानुदान की राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाभान्वितों ने विधायक श्रीमती सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें राहत और संबल मिलेगा।
स्वेच्छानुदान राशि का वितरण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों – नगर पंचायत खोगापानी, नई लेदरी, केल्हारी, जनकपुर, कुंवारपुर, कोटाडोल, बहरासी सहित अनेक गांवों और कस्बों में किया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक श्रीमती रेणुका सिंह सदैव गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी रहती हैं तथा उनके हित में कार्य करती रहती हैं।
नई लेदरी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा एवं हसदेव मंडल अध्यक्ष सुश्री बबीता सिंह ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
नगर पंचायत खोगापानी में हसदेव मंडल महामंत्री भगवान दास, केल्हारी में विधायक प्रतिनिधि रवि गुप्ता, जनकपुर में विधायक प्रतिनिधि दुर्गा शंकर मिश्रा, मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष कौशल पटेल, उपाध्यक्ष नीलेश मिश्रा उपस्थित रहे।
इसी प्रकार कोटाडोल में भाजपा जिला मंत्री पवन शुक्ला, हीरालाल यादव, मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता समेत भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
*इस अवसर पर विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने अपने संदेश में कहा* –
“मेरे लिए गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। स्वेच्छानुदान राशि से यदि किसी परिवार को राहत मिलती है तो यह मेरे जीवन का सच्चा संतोष है। मैं हमेशा अपने विधानसभा क्षेत्र के हर वर्ग के विकास और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
लाभान्वितों ने विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इस सहयोग से वे अपने जीवनयापन एवं आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होंगे।



