Seven-day NSS camp in Kokade village of Bhanupratappur development block
कांकेर। भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम कोकड़े में बीरा मांझी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीरागांव की एनएसएस इकाई द्वारा 17 नवंबर 2025 से 23 नवंबर 2025 तक सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में नशा मुक्ति, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
शिविर के दौरान स्वयंसेवक ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रहे हैं और उन्हें नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही, साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तार से बताया जा रहा है। स्वयंसेवक ग्रामीणों को यह भी समझा रहे हैं कि अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें गीत, नृत्य और लोककला प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरपंच सियाराम उइके, उपसरपंच राधेलाल नरेटी, जनपद सदस्य दिलेश्वरी धनीराम डारो, ग्राम प्रमुख मंशाराम डारो, लादू राम डारो, धरमसिंह बेसरा, मोतीराम, संतोष कोरेटी, ईश्वर डारो, मानिक राम उइके तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक अजय कुमार डारो, तुलेश डारो, प्रकाश डारो, मनोज कुमार उइके, राजलाल उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
शिविर के आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवक पूरे मनोयोग से ग्रामीणों के बीच काम कर रहे हैं और आगे भी नशा मुक्ति तथा स्वच्छता जैसे विषयों पर जनजागरूकता अभियान जारी रहेंगे।



