उत्तर बस्तर कांकेर, तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन 2023 के लिए जिले के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का वितरण शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर, पूर्व एवं पश्चिम भानुप्रतापपुर के अंतर्गत बोनस राशि का भुगतान किया जा रहा है। सीजन 2023 में जिले की 104 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 01 हजार 248 संग्रहण केन्द्रों के माध्यम से तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य सम्पन्न किया गया। इस दौरान 86 हजार 889 संग्राहकों द्वारा 1,48,110.625 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर, भानुप्रतापपुर पूर्व एवं भानुप्रतापपुर पश्चिम अंतर्गत कुल 104 समितियों में से 84 लाभ अर्जित करने वाली समितियों के 84 हजार 658 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 33 करोड़ 26 लाख 38 हजार 657 रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का भुगतान किया जाएगा।



