Home Blog युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, विकसित भारत के संकल्प को...

युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, विकसित भारत के संकल्प को साकार करें: श्री विश्व विजय सिंह तोमर

0
‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं को देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने विधायक श्री नेताम ने किया आह्वान

उत्तर बस्तर कांकेर, ऐतिहासिक नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आयोजित ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज देश के लिए जीने और देश के लिए काम करने की आवश्यकता है। युवा देश के भविष्य और ताकत हैं, इसलिए वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ें और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।

श्री तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। युवाओं को शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों, एम्स तथा एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच रखते हुए किसी भी परिस्थिति में अपने लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लेने की अपील की।

Ro.No - 13954/39

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने युवाओं से अच्छी संगति करने, माता-पिता का सम्मान करने तथा पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपना लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें और सफलता हासिल करें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे के कारण आए दिन युवा दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। युवा देश की ताकत हैं, उन्हें अपनी शक्ति और जिम्मेदारी को समझते हुए शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए तथा पढ़-लिखकर सफल नागरिक बनना चाहिए।

‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ‘युवाओं के लिए हो रहे कार्य, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां’, ‘एक देश-एक चुनाव’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’ विषय पर सहायक प्राध्यापक श्री विजय बेसरा, डॉ. लक्ष्मी लेकाम, सहायक प्राध्यापक श्रीमती अलका केरकेट्टा, युवा श्री मुकेश कुमार एवं कुमारी सुनीता साहू ने अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर दो युवाओं कुमारी वैष्णवी जैन एवं श्री हर्ष कुमार डोंगरे को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के लिए की गई अपनी मेहनत, सफलता के अनुभव तथा विद्यार्थी जीवन से जुड़ी जानकारी युवाओं के साथ साझा की। उन्होंने युवाओं से बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, सकारात्मक सोच रखने, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, श्री महेश जैन, श्री राजा पाण्डेय, श्री राजा देवनानी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, श्री दिलीप जायसवाल, श्री हीरा मरकाम, श्री ईश्वर कावड़े, श्री दिनेश रजक, श्री संजू गोपाल साहू, सुश्री शिल्पा साहू सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी तथा जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here