Delhi News: Now his health is like this; Akhilesh Yadav reached to know about Atishi’s condition, her health deteriorated due to low sugar level
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को लोक नायक अस्पताल पहुंच कर दिल्ली की जल और शिक्षा मंत्री आतिशी का हाल जाना।
अखिलेश ने डॉक्टरों ने ली जानकारी
उन्होंने उनके स्वास्थ्य में सुधार को लेकर चिकित्सकों से जानकारी ली। पांच दिन से अनशन पर बैठीं आतिशी की मगंलवार को तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें एलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जल संकट को लेकर धरने पर बैठी थीं आतिशी
राजधानी दिल्ली में पानी की कमी के चलते लोग परेशान हैं। हरियाणा से पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की नेता और जल मंत्री आतिशी 21 जून को धरने पर बैठ गई थीं।
अब ठीक है आतिशी का स्वास्थ्य
वहीं, पांच दिन बाद मंगलवार को उनका शुगर का स्तर नीचे गिर गया और उन्हें एलएन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। एलएन प्रशासन की मानें तो उनका स्वास्थ्य अब स्थिर है। शुगर का स्तर ठीक हो गया है।
अखिलेश के साथ आप नेता भी मौजूद थे
इस बीच अखिलेश यादव उनका हालचाल जानने पहुंचे। उनके साथ आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी थे। अभी संसद का मानसून सत्र चल रहा है और सभी नेता राजधानी में मौजूद हैं।
मंगलवार को खत्म हुआ आतिशी का अनशन
गौरतलब है कि पानी की किल्लत के बीच दिल्ली के लिए पानी छोड़ने की मांग को लेकर जल मंत्री आतिशी का अनिश्चितकालीन अनशन मंगलवार तड़के उनकी सेहत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराये जाने की वजह से समाप्त हो गया था. दिल्ली सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहीं आतिशी को लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के आपातकालीन आईसीयू (सघन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कराया गया और उनकी हालत अब स्थिर है. वहीं चिकित्सकों ने कहा है कि उन्हें ठीक होने में कुछ दिन लगेंगे.
आतिशी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन वह आईसीयू में हैं. वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, ‘‘शर्करा स्तर गिरने और उनके पेशाब जांच में कीटोन की मौजूदगी का पता चलने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई थी. उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया था.’’
डॉक्टर ने आतिशी के हेल्थ को लेकर और क्या बताया?
डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, ‘‘हालांकि, आधी रात को उनकी हालत बिगड़ने लगी और सुस्ती आने लगी, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है. उनके खून की जांच की गई है और मानक सही हैं.’’ चिकित्सक ने बताया कि उन्हें पानी दिया जा रहा है और वह अंतःशिरा उपचार (इन्ट्रावेनस थेरेपी) पर हैं. उनका शर्करा स्तर कम होकर 36एमजी/डीएल पर पहुंच गया था.
शर्करा स्तर में तीव्र गिरावट के परिणामों की व्याख्या करते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का शर्करा स्तर 50 एमजी/डीएल से नीचे चला जाता है, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. आतिशी ने अनशन 21 जून से शुरू किया था.



