भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री ने कहा- राष्ट्रसेवा के प्रति प्रधान का समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
रायगढ़, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के त्यागपत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री रत्थु गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में धर्मेंद्र प्रधान की कार्यशैली, निष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ निर्वहन किया है।
रत्थु गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों ने देश की विकास यात्रा को मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा मंत्रालय में धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नई पहल और सुधारों को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
भाजपा नेता रत्थु गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद और प्रतिष्ठा से कहीं अधिक महत्वपूर्ण राष्ट्रहित और नैतिक मूल्यों को माना जाता है। ऐसे में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान द्वारा त्यागपत्र देने का निर्णय उनके
उत्तरदायित्वबोध, नैतिक प्रतिबद्धता और सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का यह निर्णय सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही और नैतिक आचरण की भावना को मजबूत करने वाला है। उनके अनुसार, राजनीति में पद महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन राष्ट्रहित और जनता के प्रति जिम्मेदारी उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
रत्थु गुप्ता ने धर्मेंद्र प्रधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के प्रति धर्मेंद्र प्रधान की सेवा भावना और अनुभव भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण, विकास और जनकल्याण के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का सार्वजनिक जीवन में योगदान और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाले समय में भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।



